जमशेदपुर : शहर में हाल के दिनों में हुई डकैती और गोलीबारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. इसी क्रम में जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब रविवार देर रात खुद बाइक लेकर शहर की सड़कों पर निकले और विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया. एसएसपी ने शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर बाइक रोककर स्थानीय लोगों से बात की और उनके क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था तथा वहां की गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने आम लोगों से यह भी पूछा कि उनके इलाके में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध लोगों की आवाजाही तो नहीं हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
देर रात तक चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वालों को भी एसएसपी ने चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि बिना किसी काम के देर रात तक अड्डाबाजी करते पाए जाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शहर में आपराधिक घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी के इस औचक सड़क निरीक्षण को लेकर स्थानीय लोगों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली. लोगों का कहना था कि पुलिस के वरीय अधिकारी के खुद सड़कों पर उतरने से पुलिसिंग को लेकर भरोसा बढ़ता है. स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि इस तरह का औचक अभियान नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे और आम लोगों का भरोसा मजबूत हो. हाल के आपराधिक घटनाक्रम के बीच एसएसपी का खुद देर रात शहर की सड़कों पर निकलना पुलिस महकमे की सक्रियता का संकेत माना जा रहा है.




