जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर-13 ए स्थित पेट्रोल पंप पर सोमवार शाम पेट्रोल भराने के बाद एक पल्सर बाइक में अचानक भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि बाइक चालक पेट्रोल भराने के लिए पंप पहुंचा था. पेट्रोल भराने के बाद जैसे ही उसने बाइक को आगे बढ़ाने के लिए सेल्फ स्टार्ट किया, उसी दौरान बैटरी से अचानक चिंगारी निकलने लगी. (नीचे भी पढ़ें)
चिंगारी से देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई और धू-धूकर जलने लगी. पेट्रोल पंप पर बाइक में आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई. पंप कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. घटना की सूचना मिलने पर मानगो पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. आग बुझने के बाद जली हुई बाइक को ऑटो की मदद से पेट्रोल पंप से हटाकर मौके से ले जाया गया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.




