जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह निवासी मोहम्मद अकरम (40) की सोमवार को मानगो के चेपापुल क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, अकरम करीब 15 दिनों से काम नहीं मिलने के कारण बेरोजगार थे. सोमवार को ही काम मिलने पर वह मजदूरी करने गए थे. बताया जा रहा है कि चेपापुल या उसके आसपास एक अपार्टमेंट का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां कथित तौर पर पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण अकरम की मौत हो गई. हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

अकरम के भाई मोहम्मद बबलू ने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा 13 और 8 वर्ष की दो बेटियां हैं. अकरम की ससुराल आजादनगर में है और वह परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे. परिवार का भरण-पोषण वह मजदूरी कर करते थे. परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद दो व्यक्ति सोमवार शाम करीब 5 बजे अकरम का शव लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे. कुछ देर अस्पताल में रुकने के बाद दोनों शव को छोड़कर वहां से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद अकरम के परिजन और बड़ी संख्या में महिलाएं एमजीएम अस्पताल पहुंचीं. परिजनों का आरोप है कि शव लेकर आए दोनों व्यक्तियों ने उन्हें पुलिस में मामला दर्ज नहीं कराने की सलाह दी. कथित तौर पर दोनों ने आपस में बैठ कर मुआवजे को लेकर बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की बात कही. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर संदेह जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. अकरम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना के बाद एमजीएम अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही.




