गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के महुलिया चौक पर बुधवार रात सड़क दुर्घटना में एक तेज रफ्तार कार ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोग बाल-बाल बच गये. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. जानकारी के अनुसार, कार संख्या जेएच 05 ईएल 6233 जमशेदपुर की ओर जा रही थी. कार सन्नी सिंह चला रहे थे. उनके साथ राहुल शर्मा, राजकिशोर सिंह और प्रिंस कुमार सवार थे. युवकों ने बताया कि सभी हेंदलजुड़ी में मनसा पूजा में शामिल होने के बाद डिमना की ओर जा रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान गुड़ाबांधा थाना प्रभारी सुमित कुमार यादव बराज की ओर से बोलेरो लेकर महुलिया चौक की मुख्य सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर रुके थे. इसी क्रम में तेज रफ्तार कार ने बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, हादसे में किसी को चोट नहीं आयी और सभी लोग बाल-बाल बच गये. घटना के बाद कुछ देर के लिए चौक पर लोगों की भीड़ जुट गयी. पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया.







