रांची: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी कपप्शन ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार जारी है. हजारीबाग के बाद अब सिल्ली में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. एसीबी ने गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. उस पर जमीन मापी कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन मांगने का आरोप है. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ ले गई. फिलहाल टीम उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.दरअसल शिकायतकर्ता अपनी जमीन मापी कराने के लिए सिल्ली अंचल कार्यालय पहुंचा था. (नीचे भी पढ़े)
आरोप है कि इसी दौरान अमीन विनोद लोहरा ने जमीन मापी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की. शिकायतकर्ता के अनुसार, उससे 2 लाख रुपये नकद के साथ 4 डिसमिल जमीन देने को कहा गया.रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत एसीबी से की. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने प्राथमिक स्तर पर जांच की. आरोपों की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया. योजना के तहत शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर अमीन के पास पहुंचा. जैसे ही विनोद लोहरा ने रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.




