जमशेदपुर:ऑल इंडिया ड्राइवर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष परविंदर पाण्डेय द्वारा 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी को बतौर ड्राइवर संघ की सदस्यता दिलाते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक का दायित्व सौंपा गया. इस अवसर पर उन्हें जिले के ड्राइवरों को एकजुट करने तथा उनके अधिकार, सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दिलाया गया.दायित्व मिलने के बाद अप्पू तिवारी ने कहा कि ऑल इंडिया ड्राइवर संघ द्वारा उन्हें जो सम्मान और जिम्मेदारी दी गई है, उसे वे अपने लिए सम्मान के साथ-साथ एक कर्ज के रूप में स्वीकार करते हैं. उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे और जरूरत पड़ने पर ड्राइवरों के हक और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने से पीछे नहीं हटेंगे.(नीचे भी पढ़े)

अप्पू तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में ड्राइवर वर्ग अनेक सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक समस्याओं से जूझ रहा है.सड़क पर दिन-रात मेहनत करने के बावजूद ड्राइवरों को अक्सर उनके अधिकार और सम्मान से वंचित होना पड़ता है. पूर्वी सिंहभूम जिले के ड्राइवरों की हर जायज समस्या को मजबूती से उठाना और उसके समाधान के लिए संबंधित विभाग एवं प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद करना उनकी प्राथमिकता होगी.उन्होंने कहा, समाज के सबसे मेहनतकश और दबे-कुचले समझे जाने वाले ड्राइवर भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा. उनके सुख-दुख में सहभागी बनूंगा तथा उनके अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई में उनकी आवाज बनने का हरसंभव प्रयास करूंगा. उन्होंने जिले के सभी ड्राइवरों से एकजुट होकर संघ को मजबूत बनाने तथा अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया.इस अवसर पर जमशेदपुर के ड्राइवर संघ से जुड़े सदस्यों एवं सहयोगियों ने अप्पू तिवारी का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले में ड्राइवरों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और संगठन को व्यापक स्तर पर मजबूत किया जाएगा.




