जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत खुशबू नगर, न्यू बाराद्वारी में आबिद हुसैन पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू, मो. कैफ उर्फ स्मोलू और दशरथ शुक्ला शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और होंडा कंपनी की एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की है.पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:15 बजे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की.(नीचे भी पढ़े)

जांच के दौरान जानकारी मिली कि स्कूटी पर सवार राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और मो. कैफ उर्फ स्मोलू ने कथित तौर पर आबिद हुसैन को गोली मार दी थी. घायल आबिद हुसैन को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. इसके बाद घायल के बयान के आधार पर सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 105/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग के मामले में नामजद दोनों आरोपियों राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू और मो. कैफ उर्फ स्मोलू को गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान इस मामले में कथित तौर पर सहयोग करने के आरोप में दशरथ शुक्ला को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने तीनों के पास से नहीं, बल्कि उनकी निशानदेही पर हथियार और स्कूटी बरामद करने की जानकारी दी है.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राज सिंह कश्यप उर्फ कोदू के खिलाफ जमशेदपुर और आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में केस दर्ज हैं. उसके खिलाफ सोनारी, सीतारामडेरा, सिदगोड़ा, गोलमुरी, घाटशिला, गालूडीह, कदमा, एमजीएम, आदित्यपुर और आरआईटी थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है.इनमें गोलमुरी थाना कांड संख्या 21/2022 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट, जबकि सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 147/2025 में आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला शामिल है.पुलिस के मुताबिक, मो. कैफ उर्फ स्मोलू के खिलाफ भी कदमा, साकची और अन्य थाना क्षेत्रों में लूट तथा विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं.वहीं, दशरथ शुक्ला के खिलाफ गोलमुरी, साकची, सीतारामडेरा और अन्य थाना क्षेत्रों में मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, विद्युत अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी दी गई है.छापामारी दल में साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, सीतारामडेरा थाना के पुलिस पदाधिकारी अक्षय कुमार, आनंद कुमार मिश्रा, सूरज प्रसाद, अमित कुमार, युवराज कुमार, मनोरंजन कुमार, चांदनी कुमारी सहित सीतारामडेरा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.




