जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी में ग्राहक को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किये जाने का मामला सामने आया है. घायल दुकानदार की पहचान अविनाश रजक (26) के रूप में हुई है. उसने इस संबंध में परसुडीह थाने में आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
आवेदन के अनुसार, अविनाश रजक गोलपहाड़ी स्थित गायत्री मंदिर के पास नारियल और पूजा सामग्री की दुकान चलाता है. रविवार, 11 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7:40 बजे एक ग्राहक उसकी दुकान पर पूजा का सामान खरीदने पहुंचा. आरोप है कि दूसरे दुकानदार द्वारा ग्राहक को अपनी दुकान पर बुलाये जाने के बावजूद वह अविनाश की दुकान से सामान खरीदने लगा. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
अविनाश ने अपने आवेदन में दीपक रजक (42), साहिल रजक (19) और कृषि रजक (19) पर हमला करने का आरोप लगाया है. उसके मुताबिक, तीनों ने नारियल छीलने वाले लोहे के हुक से उस पर वार किया, जिससे उसके दाहिने बाजू में गहरा जख्म हो गया. पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. घटना के बाद पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.





