जमशेदपुर : टीम पीएसएफ का दल नवरात्रि के पहले दिन, आज रविवार को दलमा की तलहटी के कोइरा एवं वाघाडीह गांव पहुंचा. वहां 30 सबर परिवारों के बीच नवरात्रि की खुशियां बांटी गईं. टीम के सदस्यों ने प्रत्येक परिवार को नये वस्त्र एवं एक माह का सूखा राशन (15 प्रकार की सामग्रियों के साथ) प्रदान किये. राशन और नये कपड़े पाकर सबर परिवारों के चेहरों पर जो संतोष और खुशी दिखी, वही टीम के लिए मां दुर्गा का आशीर्वाद है. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा, हमारा मानना है कि मां इन सबर, आदिवासी, वंचित लोगों के बीच ही विराजमान हैं. इनके बीच खुशियां बांटना ही मां की सच्ची आराधना है. 15 वर्षो से हम दुर्गापूजा को पंडाल और चकाचौंध के बजाय धरातल के जरूरतमंदों को समर्पित करते आ रहे हैं. आज इन 30 परिवारों की मुस्कान ही हमारी पूजा है. उन्होंने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम टीम पीएसएफ के फूलचंद सिंह सरदार एवं सुभाष साहिस की देखरेख में, अन्य सदस्यों के आपसी सहयोग से संपन्न हुआ. अगला चरण – सप्तमी से नवमी तक शहर के 10 जरूरतमंदों को मिलेगा सहारा. (नीचे भी पढ़ें)

टीम ने बताया कि सेवा का यह क्रम यहीं नहीं रुकेगा. सप्तमी से नवमी तक टीम के सदस्य शहर भ्रमण कर ऐसे 10 अत्यंत जरूरतमंदों को चिह्नित कर नये वस्त्र एवं एक माह का राशन प्रदान करेंगे, जिनमें रिक्शा चालक, सड़क किनारे अखबार-पत्रिका बेचने वाले एवं दिहाड़ी मजदूर शामिल होंगे. इनका चयन टीम के सदस्यों एवं शहर के वरीय पत्रकार साथियों के परामर्श से किया जाएगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में उपस्थित रहकर सहयोग प्रदान किया टीम पीएसएफ के चेयरमैन पुलक कुमार सेनगुप्ता, वरीय सदस्य निखिल मंडल, दीपक कुमार मित्रा, निदेशक अरिजीत सरकार, उत्तम कुमार गोराई, सौरभ चटर्जी, अनिल प्रसाद, राजेश कुमार पटेल, देवनाथ सिंह, अजित कुमार भगत आदि शामिल रहे.





