जमशेदपुर : जमशेदपुर में दुर्गापूजा के दौरान हत्या, डकैती और फायरिंग जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम देकर कारोबारियों में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है. जुगसलाई पुलिस ने थाना क्षेत्र में खरकई रेलवे ब्रिज के पास छापामारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो लोडेड हथियार, 30 जिंदा कारतूस, दो खोखे और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की योजना दुर्गापूजा के दौरान जमशेदपुर के अलावा भुवनेश्वर में भी एक बिल्डर की हत्या करने की थी. गिरफ्तार आरोपियों में दो जमशेदपुर के जुगसलाई और दो बिहार के छपरा के रहने वाले हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, 16-17 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब डेढ़ बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ स्थानीय अपराधी बिहार से शूटर बुलाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. इसके बाद खरकई नदी पर बने नए रेलवे ब्रिज के पूर्वी छोर पर रेल ट्रैक के पास झाड़ियों में छापामारी की गई, जहां से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई निवासी राजेश कुमार साव और मन्नू कुमार तथा बिहार के छपरा निवासी प्रतीक कुमार और विकास कुमार सिंह उर्फ रितिक के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दुर्गापूजा के दौरान हत्या, डकैती और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देकर कारोबारियों में भय पैदा करने और उनसे रंगदारी वसूलने की योजना बनाए जाने की जानकारी दी. इसके अलावा भुवनेश्वर में एक बिल्डर की सुपारी लेकर हत्या करने की साजिश का भी खुलासा हुआ है. छापामारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, एक लोडेड सिक्सर, 30 जिंदा कारतूस, दो खोखे और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राजेश कुमार साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ सोनारी थाना में अपहरण और कदमा थाना में डकैती से संबंधित मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि वह पहले भी करीब चार वर्ष तक न्यायिक हिरासत में रह चुका है.





