पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलटांड़ – जोड़सा रोड पर शुक्रवार को शाम करीब 7 बजे पोकलाबेड़ा गांव के पास तीखा मोड़ पर एक अनियंत्रित बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस घटना में पटमदा के तुंगबुरू गांव निवासी सारी धरम माण्डी (15 वर्ष) की मौत हो गई. बताते हैं कि घटना के बाद देर रात तक किशोर वहीं पड़ा रहा और उसकी पहचान नहीं हो सकी थी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को सुबह एमजीएम अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की. (नीचे भी पढ़ें)

मृतक सारी धरम के चचेरा भाई सुनाराम माण्डी ने बताया कि चाचा तियाड़ी माण्डी का वह इकलौता बेटा था और शुक्रवार को वह अकेले ही अपनी बड़ी बहन की ससुराल बांसतोला गांव गया था. वहां से शाम को अपने घर लौटते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सुबह में परिजनों को सूचना मिलने पर एमजीएम अस्पताल पहुंचे. घटना में सारी धरम की मौत से परिजन सदमे में हैं.





