जमशेदपुर : लोक आस्था और पारंपरिक संस्कृति से जुड़े गोधन पर्व को लेकर बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोधन की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा भाई-बंधुओं की लंबी उम्र की कामना की. सुबह से ही महिलाओं ने घरों और आसपास के स्थानों पर गोबर से गोधन की आकृति बनाकर उसे फूलों, अक्षत, रोली और अन्य पूजन सामग्रियों से सजाया. इसके बाद सामूहिक रूप से पूजा की गई. (नीचे भी पढ़ें)
महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाए और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं. मान्यता है कि गोधन पर्व भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक खुशहाली का प्रतीक है. इस पर्व के माध्यम से महिलाएं अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत रखती हैं. आधुनिकता के दौर में भी जमशेदपुर की महिलाओं के बीच इस पर्व को लेकर उत्साह और आस्था बनी हुई है.












