रांची : झारखंड के साहेबगंज जिले के बरहेट विधानसभा क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा को झटका लगा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी को मजबूती मिली है. झामुमो के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी ने अपने सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा का दामन थाम लिया. बरहेट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत झबरी में आयोजित मिलन समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर श्री मरांडी ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों का स्वागत किया. मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार से जनता का मोहभंग होता जा रहा है. सरकार की नीतियों और कार्यशैली से निराश होकर अब लोग बदलाव की उम्मीद में भाजपा से जुड़ रहे हैं. इसकी झलक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्वाचन क्षेत्र बरहेट में भी दिखने लगी है. बरहेट में झामुमो का किला दरकना शुरू हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
झामुमो के वरिष्ठ नेता राजा राम मरांडी का अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होना इसी बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है. उन्होंने कहा कि भाजपा का परिवार लगातार विस्तारित हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं. राजा राम मरांडी सहित भाजपा में शामिल होने वाले सभी साथियों का पार्टी स्वागत करती है. उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ झारखंड के विकास एवं जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है. नए लोगों के अनुभव और ऊर्जा से संगठन को नई मजबूती मिलेगी. वहीं मौके पर राजा राम मरांडी ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा में लंबे समय तक काम करने के बाद अब उन्हें महसूस हुआ कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा और जनहित के मुद्दों से भटक गई है. हेमंत सोरेन सरकार से जनता का मोहभंग होता जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
राज्य में आदिवासी समाज सहित आम जनता की उम्मीदों पर सरकार खरी नहीं उतर रही है. उन्होंने कहा कि वे भाजपा को मजबूत करने तथा झारखंड की जनता की आवाज बुलंद करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है. भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है. समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही. मिलन समारोह में राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम, लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी, भाजपा जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.












