जमशेदपुर : जमशेदपुर के बहुप्रतीक्षित 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले के पहले दिन बारिश ने आयोजन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. शुक्रवार को लगातार बारिश के कारण पुस्तक मेले में अपेक्षाकृत कम रौनक देखने को मिली और महज पांच स्टॉल ही खुल सके. हालांकि, खराब मौसम के बावजूद पाठकों में किताबों को लेकर उत्साह कम नहीं दिखा. खासकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को लेकर पाठकों में खास दिलचस्पी रही. पुस्तक मेले में वूडपीकर प्रकाशन के स्टॉल पर उपलब्ध इस किताब के बारे में पाठक लगातार पूछताछ करते नजर आए. स्थिति यह रही कि महज एक घंटे के भीतर इसकी सात प्रतियां बिक गयी. पुस्तक खरीदने पहुंचे रंजीत कुमार ने बताया कि सोनिया गांधी की इस आत्मकथा को लेकर पूरे देश में चर्चा हो रही है. ऐसे में उनके निजी जीवन और अनुभवों के बारे में जानने की उत्सुकता हुई, जिसके कारण वह पुस्तक खरीदने पहुंचे. पुस्तक की कीमत 1299 रुपये निर्धारित है, जिस पर मेले में 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है. वहीं, वूडपेकर प्रकाशन के प्रशांत हलधर ने बताया कि बारिश के कारण पहले दिन पाठकों की संख्या प्रभावित हुई, लेकिन इसके बावजूद सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर काफी पूछताछ हो रही है. पाठकों में इसे पढ़ने की विशेष उत्सुकता दिखाई दे रही है. उल्लेखनीय है कि नवंबर 2026 में प्रकाशित इस आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, परिवार और भारत में बिताए छह दशकों के अनुभवों को साझा किया है. शुक्रवार को बारिश के कारण अधिकांश प्रकाशकों के स्टॉल तैयार नहीं हो सके थे. केवल पांच स्टॉल ही पाठकों के लिए खुले थे. आयोजकों के अनुसार, शनिवार से पुस्तक मेले के सभी 67 स्टॉल खुल चुके है. (नीचे भी पढ़ें)

किताबों को आलमारी की शोभा नहीं, जीवन का हिस्सा बनाएं : राजीव रंजन
दस दिनों तक चलने वाले 40वें जमशेदपुर पुस्तक मेले का उद्घाटन शुक्रवार शाम उपायुक्त राजीव रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किताबें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं हैं, बल्कि वे हमारी सोच को दिशा देने के साथ उसे व्यापकता भी प्रदान करती हैं. पुस्तकों के अध्ययन से व्यक्तित्व का निर्माण होता है और व्यक्ति में सही-गलत को समझने तथा विचार करने की क्षमता विकसित होती है. उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें पाठ्यक्रम की किताबों के साथ-साथ भाषा-साहित्य, इतिहास, विज्ञान और महापुरुषों की जीवनियां भी पढ़नी चाहिए. किताबों को केवल आलमारी की शोभा बनाकर रखने के बजाय उन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. नियमित पुस्तक अध्ययन से ही ज्ञान और विचारों का विस्तार संभव है. समारोह के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के निदेशक डॉ संदीप घोष चौधुरी ने कहा कि जो समाज पढ़ना छोड़ देता है, वह सोचने की क्षमता भी खोने लगता है और जो सोच नहीं सकता, वह आगे नहीं बढ़ सकता. इसलिए समाज में पढ़ने की आदत को बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि टैगोर सोसाइटी पिछले 40 वर्षों से पुस्तक मेले की परंपरा को लगातार आगे बढ़ा रही है, जो शहर के नागरिकों और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है. इससे पूर्व टैगोर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ एचएस पॉल ने स्वागत भाषण दिया. जनरल सेक्रेटरी सुदीप बासु ने अतिथियों का बुके और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया, जबकि पार्थसारथी सेन ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उद्घाटन समारोह में शहर के कई साहित्यकार, शिक्षाविद्, पुस्तक प्रेमी और प्रकाशक उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

हिंदी-अंग्रेजी के साथ क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं की किताबें भी : इस वर्ष पुस्तक मेले की खासियत विभिन्न भाषाओं की पुस्तकों की उपलब्धता होगी. यहां हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, उर्दू और गुरुमुखी के साथ संथाली, हो एवं कुड़माली जैसी क्षेत्रीय और जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें भी पाठकों को मिलेंगी. मेले में अंग्रेजी पुस्तकों के 40, हिंदी साहित्य के 19, बांग्ला के 17 तथा उर्दू और संथाली के तीन-तीन स्टॉल लगाए जाएंगे. इसके अलावा विद्यार्थियों और युवा पाठकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए पुस्तक मेले के दौरान अलग-अलग दिनों में क्विज, वाद-विवाद, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा.















