जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार अंकित की शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गयी. हादसे में अंकित का एक पैर शरीर से अलग हो गया था. उन्हें पहले एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया था. हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अंकित अपने दोस्त आशीष के साथ बाइक पर घूमने निकले थे. दोनों साकची की ओर जा रहे थे. इसी दौरान साकची थाना क्षेत्र के आई हॉस्पिटल के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से आशीष बाइक से गिर गया, लेकिन वह किसी तरह उठने में सफल रहा. वहीं, अंकित का पैर बाइक में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

हादसा इतना भीषण था कि अंकित का एक पैर शरीर से अलग हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घायल अंकित को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच भेज दिया गया. टीएमएच में शुक्रवार रात इलाज के दौरान अंकित ने दम तोड़ दिया. अंकित जमशेदपुर के परसुडीह स्थित अपने नानी के घर में रहते थे और टाटा स्टील में कार्यरत थे. शनिवार को उनका पोस्टमार्टम कराया गया. अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गयी. हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है.















