जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पानी की सप्लाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. पानी खोलने के निर्धारित समय में बदलाव को लेकर सोमवार सुबह कॉलोनीवासियों ने फिल्टर पंप हाउस पहुंचकर जमकर हंगामा किया. इस दौरान ऑपरेटर राम सिंह और मुखिया राजकुमार गौड़ के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला. विवाद अब पानी की सप्लाई के साथ-साथ वेतन भुगतान और आपसी समन्वय तक पहुंच गया है. जानकारी के अनुसार, मुखिया राजकुमार गौड़ ने ऑपरेटर राम सिंह को शाम चार बजे पानी खोलने का निर्देश दिया था, लेकिन ऑपरेटर ने रविवार को तीन बजे ही पानी खोल दिया. इसको लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. ऑपरेटर का आरोप है कि मुखिया ने फोन पर उनके साथ बदसलूकी की और घर खाली करने, अगले दिन से काम पर नहीं आने तथा पंप हाउस की चाबी सौंपने को कहा. वहीं, राम सिंह ने तीन बजे पानी खोलने की वजह बताते हुए कहा कि बिष्टुपुर फिल्टर पंप हाउस से पानी की सप्लाई शुरू हो चुकी थी. यदि समय पर पानी नहीं खोलते तो पंप हाउस में पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगता. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर, मुखिया का कहना है कि निर्धारित समय से पहले पानी खोलने के कारण कई कॉलोनीवासी पानी भरने से वंचित रह गए. ऑपरेटर ने पिछले चार वर्षों से वेतन नहीं मिलने का भी आरोप लगाया. इस पर मुखिया ने बताया कि उनके कार्यकाल में राम सिंह को हाल ही में 72 हजार रुपये का चेक दिया गया है. उन्होंने चेक की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में समय-समय पर भुगतान किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
मुखिया ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक लोग ऑपरेटर को बरगलाकर व्यवस्था में हस्तक्षेप कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी सुविधा के संचालन में राजनीति के बजाय आपसी तालमेल जरूरी है. फिलहाल, विवाद के कारण कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था और नियमित पानी मिलने को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गयी है.















