जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में एक बार फिर इलाज में लापरवाही का आरोप सामने आया है. सोमवार को 53 वर्षीय मरीज मिसरी मांझी की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्यकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि मरीज को समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गयी. घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक मिसरी मांझी कोवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. उनकी बेटी रूपाली मांझी ने बताया कि उनके पिता किडनी की बीमारी से पीड़ित थे और सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. हालत गंभीर होने के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था. शनिवार दोपहर करीब तीन बजे परिजन उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे थे. रूपाली मांझी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उनके पिता का ब्लड टेस्ट करने के लिए रक्त लिया जा रहा था. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत महसूस हुई. परिजनों का आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद नर्स से कई बार ऑक्सीजन उपलब्ध कराने को कहा, लेकिन नर्स ने जवाब दिया कि ऑक्सीजन नीचे है और उसे लाने में समय लगेगा. परिजनों का कहना है कि ऑक्सीजन लाने में देरी के दौरान ही मिसरी मांझी की मौत हो गयी. आरोप है कि मरीज की मौत के बाद नर्स ने बताया कि ऑक्सीजन बेड के पास ही मौजूद है. इस घटना को लेकर परिजनों ने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था और स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, मिसरी मांझी अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित मेडिसिन वार्ड में बेड नंबर 448 पर भर्ती थे. उनकी मौत के बाद सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताना शुरू कर दिया. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार चिकित्सकों एवं कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. करीब आधे घंटे तक चले विरोध के बाद अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. परिजनों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में गरीब और जरूरतमंद लोग बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं. ऐसे में यदि मरीजों को समय पर ऑक्सीजन जैसी जरूरी सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो सके, तो सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कैसे कायम रहेगा? इस मामले में एमजीएम अस्पताल प्रबंधन का बयान अब तक सामने नहीं आया है.















