जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो शंकोसाई स्थित जेपी स्कूल के पास एक मकान में अचानक गैस स्टोव में आग लग गयी. घटना मंगलवार दोपहर की है. बताया जा रहा है कि घर में एक नाबालिग किशोर कुछ बनाने के लिए गैस स्टोव जलाने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान अचानक स्टोव में आग लग गयी. आग देखकर किशोर घबरा गया और जलते हुए गैस स्टोव को घर से बाहर ले जाने की कोशिश करने लगा. इस दौरान उसके सिर पर हल्की चोट भी आयी. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद घरवालों और स्थानीय लोगों ने बालू और कपड़े की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. घटना की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता शुभम भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की. इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गयी. मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.












