बहरागोड़ा : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बहरागोड़ा क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों, तालाबों और जलाशयों में पारंपरिक ‘बोइत बंदाण’ उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. लोग कल तड़के सुबह स्नान-ध्यान के बाद श्रद्धालु कागज, थर्मोकोल और रंग-बिरंगी सजावट से बनी छोटी नावों में दीपक, पान, सुपारी, अक्षत और फूल रखकर जल में प्रवाहित करने की तैयारी कर रहे हैं. कई नावों पर ‘धर्म डंगा’ जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक संदेश भी देखने को मिल रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बोइत बंदाण का ऐतिहासिक महत्व
बोइत बंदाण केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कलिंग (वर्तमान ओडिशा) और आसपास के पूर्व तटीय क्षेत्रों के समृद्ध समुद्री व्यापार और नौवहन इतिहास की जीवंत स्मृति है. प्राचीन काल में ‘बोइत’ बड़े समुद्री व्यापारिक जहाज़ हुआ करते थे. कार्तिक पूर्णिमा के आसपास मानसून समाप्त होने और हवाओं के अनुकूल होने पर ओड़िया व्यापारी (जिन्हें ‘साधब’ कहा जाता था) इन्हीं विशाल जहाज़ों से सुदूर दक्षिण-पूर्व एशिया—जैसे जावा, सुमात्रा, बाली, बोर्नियो और श्रीलंका तक मसालों, वस्त्रों, रत्नों व अन्य सामग्रियों का व्यापार करने निकलते थे.
परिवार की महिलाएं और परिजन अपने व्यापारियों की सुरक्षित यात्रा, अनुकूल पवन और समृद्धि की कामना के साथ सुबह-सुबह जल स्रोतों के किनारे जाकर प्रतीकात्मक रूप से नावों की पूजा करती थीं और उन्हें जल में छोड़ती थीं. मान्यता है कि इसी परंपरा ने आगे चलकर ‘बोइत बंदाण’ का रूप लिया, जो आज भी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों के साहसिक सफर को याद दिलाने का माध्यम है. स्थानीय जानकारों और बुजुर्गों ने भी नई पीढ़ी को इस परंपरा के पीछे छिपे व्यापारिक और ऐतिहासिक गौरव से अवगत कराने की पंरपरा है.












