चाकुलिया : चाकुलिया स्टील फैक्ट्री प्रांगण में चल रहे सात दिवसीय राम कथा, मानस चतुश्शती समारोह सह स्वर्ण जयंती के दूसरे दिन ब्यास सीताराम शास्त्री ने कहा कि प्रभु के आशीर्वाद से मानव जीवन का श्रेष्ठ लाभ प्राप्त हुआ है. जीवन को प्रभु की भक्ति में लगाएं, जीवन सार्थक होगा. उन्होंने कहा कि राम कथा का प्रमुख द्वार शिव चरित है. जिसे शिव-चरित प्रिय नहीं है, उसे कभी प्रभु श्री राम प्रिय हो ही नहीं सकते. जिसे शिव-भक्ति मिल जाए, उसे राम भक्ति सहज ही मिल जाती है. भगवान शिव विश्वास हैं और माता पार्वती श्रद्धा है. विवेक सत्संग से मिलता है. जब श्रद्धा और विश्वास का मिलन होता है तब विवेक प्राप्त होता है. भगवान शिव के इष्ट भगवान राम हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने श्रीराम कथा को लोक हितकारी बताते हुए कहा कि श्रीराम कृपालु और दयालु हैं. गंगा संपूर्ण लोक को पवित्र करने वाली हैं और राम कथा भी जीवन को पवित्र करती है. कथा गंगा में पहुंचकर जीवन को पवित्र करें, कथा गंगा में डूबे तो जीवन तर जाएगा. मंदिर और नदी में अंतर होता है. मंदिर में हर कोई प्रवेश नहीं कर सकता, परंतु नदी में सभी प्रवेश कर सकते हैं. भगवान की कथा ही गंगा है कथा सुनने वाले कथा सुनाने वाले दोनों ही धन्य होते हैं. प्रभु का अवतार धर्म की रक्षा के लिए, संतों की पीड़ा को दूर करने, गौ माता का जब अनादर होता है तब भगवान का अवतार होता है. (नीचे भी पढ़ें)
विश्व की माता गौ माता है. गौ माता की सेवा मात्र से प्रभु प्रसन्न होते हैं. व्यक्ति को पतन का डर न हो तो पतन होता है, अधिकारों का दुरुपयोग करने से और स्वामी के विरूद्ध आचरण होने से मनुष्य का पतन होता है. धर्म की व्याख्या कर्मो से होती है. भक्ति में अभिमान ना आने दें. जब मन में अभिमान आएगा तो प्रभु की भक्ति संभव नहीं है. मनुष्य जीवन प्रभु कृपा से प्राप्त हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि मानव जीवन का हित प्रभु की भक्ति और कीर्तन से संभव है. संसार की माया से बचना है तो प्रभु की भक्ति और भक्तों की पंति में बैठें. जो माता-पिता और संतों का अनादर करते हैं, वे असुर के समान होते हैं. कथा के दूसरे दिन रामावतार के मौके पर प्रस्तुत की गई झांकी पर श्रद्धालु राम के भजनों पर झूम उठे और बधाई गीत में जमकर नृत्य किया और लोगों के बीच चॉकलेट वितरित कर खुशियां मनाईं और राम जन्म की शुभकामनाएं दीं. (नीचे भी पढ़ें)
कथा के सफल संचालन में रवि झुनझुनवाला, प्रभात झुनझुनवाला, दीपक झुनझुनवाला, आलोक लोधा, संजय लोधा, अमित भारतीय, नीलू खंडेलवाल, अजय शर्मा, अमित भारतीय, भरत रुंगटा, सुभाष लोधा, बासू लोधा, लिच्चू रुंगटा, कौशल रुंगटा, केशव रुंगटा, गौतम शर्मा,निकुंज लोधा, बिट्ठल शर्मा समेत अन्य ने अहम भूमिका निभाई. कथा से पूर्व रवि झुनझुनवाला व उनके परिवार द्वारा भगवान की पूजा की गई. आज की कथा संपन्न होने के बाद श्रद्धालु भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया.












