जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका गुड़ाबांदा प्रखंड के ज्वालकाटा स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय से मंगलवार शाम चहारदीवारी फांदकर फरार हुईं. तीनों सगी सबर बहनें बुधवार सुबह सकुशल अपने घर सापुआ माकड़ी लौट आईं. बच्चियों के सुरक्षित मिलने से विद्यालय प्रबंधन और पुलिस ने राहत की सांस ली. जानकारी के अनुसार, तीनों में बड़ी बहन कक्षा सातवीं की छात्रा है. उसने बताया कि पढ़ाई में परेशानी होती है और वह ठीक से अक्षरों की पहचान भी नहीं कर पाती. इसी कारण विद्यालय में उसे डांट पड़ी थी. डांट के डर और आहत होकर वह अपनी दोनों छोटी बहनों को साथ लेकर विद्यालय की चहारदीवारी फांदकर निकल गई. छात्राओं के लापता होने की सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापिका गुरुवारी मार्डी ने पुलिस और शिक्षा विभाग को जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
गुड़ाबांदा थाना प्रभारी कुमार सुमित यादव ने पुलिस बल के साथ रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की. हालांकि, तीनों बहनें नागरापाल के एक खेत में पुआल के ढेर में छिपी हुई थीं. बुधवार सुबह वहां से निकलकर पैदल ही अपने घर पहुंच गईं. घर लौटने के बाद पिता मंगल सबर तीनों बेटियों को लेकर विद्यालय पहुंचे. इस मामले में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई. काफी समझाने के बावजूद छात्राएं फिलहाल विद्यालय में रहने को तैयार नहीं हुईं. इसके बाद पिता से लिखित आवेदन लेकर उन्हें कुछ दिनों की छुट्टी दी गई और अभिभावक के साथ घर भेज दिया गया. बैठक में विद्यालय की छोटी चहारदीवारी को लेकर भी चिंता जताई गई. सुरक्षा के मद्देनजर उसकी ऊंचाई बढ़ाने के लिए उच्च अधिकारियों को पुनः सूचना देने का निर्णय लिया गया. बैठक में मुखिया कानाई लाल माहली, प्रबंधन समिति अध्यक्ष रामदास सोरेन, उपाध्यक्ष बसंती सबर, प्रधानाध्यापिका गुरुवारी मार्डी, लक्ष्मी कर्मकार, सुलेखा महतो, टुटुल नायक और रमेश कर्मकार समेत अन्य उपस्थित थे.















