जमशेदपुर / कांड्रा: सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड में कार्यरत 62 वर्षीय कर्मचारी बसंत कुमार निषाद की शुक्रवार सुबह काम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी. मृतक सोनारी के बी-ब्लॉक के वाटर टावर के समीप के निवासी थे. घटना के संबंध में मृतक के पुत्र पृथ्वी कुमार निषाद ने बिष्टुपुर थाना में एक आवेदन दिया है. आवेदन के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 9:30 बजे बसंत कुमार निषाद कंपनी में ड्यूटी के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही कंपनी प्रबंधन उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार केंद्र ले गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें नेताजी सुभाष अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बिष्टुपुर स्थित टीएमएच रेफर कर दिया गया. टीएमएच के इमरजेंसी में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के पुत्र ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि इस घटना में किसी का कोई दोष नहीं है और उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने का अनुरोध किया है.















