पोटका: पोटका थाना क्षेत्र के उत्क्रमित विद्यालय जामडीह में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने चोरी के सामान के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले की जानकारी देते मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवार ने बताया कि विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रीना मुर्मू ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि दिनांक 26 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर बैटरी, स्टेबलाइजर और कंप्यूटर का मॉनिटर चुरा लिया. इस पर पोटका थाना कांड संख्या 60/2026, धारा 305 / 334(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया. वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों अपराधियों को धर दबोचा. (नीचे भी पढ़े)
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रवीर भक्त (22), दीपक कैवर्त (25) और नरेश कैवर्त (28) के रूप में हुई है. तीनों कालिकापुर, थाना पोटका के रहने वाले हैं. पूछताछ में तीनों ने जामडीह विद्यालय में चोरी करने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने बताया कि इन अपराधियों ने इसके पूर्व कोवाली थाना अंतर्गत भालकी +2 उच्च विद्यालय से भी 5 कंप्यूटर सेट एवं 8 बैटरी की चोरी की थी, जिसे कोवाली थाना पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर बरामद कर लिया था.इनके पास से 6 बैटरी, 1 स्टेबलाइजर, 2 कंप्यूटर मॉनिटर और घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है. छापेमारी दल में अंचल निरीक्षक जादूगोड़ा प्रवेश चन्द्र सिन्हा, थाना प्रभारी पोटका सन्नी टोप्पो, पुअनि कुन्दन कुमार वर्मा, सअनि नयन टुडू एवं अन्य आरक्षी शामिल थे.















