
Gudabanda : गुड़ाबांदा प्रखण्ड कार्यालय मे शुक्रवार को बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बैठक कर प्रखंड में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली. प्रधानमंत्री आवास योजना मे हुई गड़बड़ियों की शिकायत पर विधायक ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी को आवास प्लस सूची के लिए बनाई गई सूचियों मे हुई विसंगतियों को सुधारने के लिए पुन: जांच करने और विशेष ग्राम सभा करने को कहा. पेंशन संबंधी समस्याओं के लिए प्रत्येक पंचायत मे कैम्प लगवाकर समस्याओं का निपटारा करने को कहा. विधायक ने बीडीओ को पंचायत सेवकों की पंचायत भवनों मे दिन और समय संबंधी उपलब्धता तय करने का लिखित आदेश निकालने के लिए कहा. बालीजुडी पंचायत के उप स्वास्थ्य केंद्र मे एएनएम के नहीं आने की शिकायत मिली. विधायक ने बीडीओ से इस मामले पर विभागीय कार्रवाई के लिए उपायुक्त के साथ पत्राचार करने को कहा. ग्रामीणों ने ज्वालकांटा स्थित बैंक मे बुज़ुर्गों और बीमार व्यक्तियों को पेंशन, आवास इत्यादि योजनाओं में राशि निर्गत करने के लिए शारीरिक उपस्थिति की बाध्यता की शिकायत की. विधायक ने बीडीओ को जांच करके कार्रवाई के लिए कहा. विधायक ने कहा कि सूचना के अभाव से बिचौलिया उत्पन्न होते हैं. योजनाओ की अहर्ताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों के सहयोग से उचित लाभुक का चयन करवाएं. बैठक में जिप सदस्य बेलबोती मुर्मू, प्रखण्ड अध्यक्ष असीत मिश्रा, सागिर हुसैन, विधायक प्रतिनिधि रंजीत सीट, वेणु सीट, गुहीराम टुडू, भगवान कालिन्दी, बापकू महतो, परीवास कालिन्दी, सकीला हेमब्रम, बुकाई सोरेन, दशरथ मांडी, मन्मथ देहुरी, मंगल मुर्मू, सपन पाल, श्यामपद टुडू, सुनील बेरा, मेघाराय हेम्ब्रम, बुकाय सोरेन ,सुनील पईड़ा समेत अन्य उपस्थित थे.



