
जमशेदपुर : टाटा स्टील की लोकप्रिय कार्यक्रम डॉक्टर्स ऑनलाइन का आयोजन किया गया. इसमें कई सारे सवालों का जवाब चिकित्सकों ने दिया. इस मौके पर कोक प्लांट के करम अली ने सवाल उठाया कि कंपनी से सेवानिवृत्त होने के बाद कर्मचारी का आय बंद हो जाता है, लेकिन बीमारी होने पर इलाज कराने पर पैसा लगता है. उनका कहना था कि एमआरआइ जांच के लिए पैसा लगता है. इस पर अस्पताल के जीएम मेडिकल सर्विसेज डॉ सुधीर राय ने कहा कि ये पॉलिसी का मामला है, लेकिन जितना हो सकेगा प्रबंधन कर्मचारियों के हित में काम करेगी. अधिकारियों से बातचीत कर समस्या को हल निकाला जायेगा. डा सुंदरम ने कहा कि सोकर उठने के बाद हाथ-पांव में नियमित रूप से जकड़न को हल्का में नहीं लेना चाहिये. डॉक्टर ऑनलाइन के दौरान डॉ सुंदरम ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर को कोई नुकसान नहीं होता है. यह एक सामाजिक कार्य है. सभी लोगों को रक्तदान करना चाहिये. कोक प्लांट के पूर्व कमेटी मेंबर करम अली के सवालों का जवाब देते हुए डॉ सुंदरम ने कहा कि मधुमेह (डायबिटीज) आज के दौर की सबसे खतरनाक और आम बीमारी हो चुकी है. छोटे बच्चे से लेकर युवाओं में भी इसका असर दिख रहा है. इसको हल्के में नहीं लेना चाहिये और डॉक्टर की सलाह पर नियमित दवा खाना चाहिये. डा. सुंदरम ने ये कहा कि जिन्हें भी मधुमेह है. खान-पान पर विशेष ध्यान दे. बाहरी खाना, जंक फूड, मिठाई से पूरी तरह से परहेज करना चाहिये. मधुमेह मरीज को हमेशा संतुलित भोजन करना चाहिये. खासकर शाकाहारी भोजन, पत्तेदार खाना चाहिये. नियमित सुबह और शाम एक-एक घंटा पैदल चलना और व्यायाम करना चाहिये. कुछ मरीज समझते हैं कि उनके शरीर में मधुमेह का स्तर सामान्य हो गया है तो वे दवा छोड़ देते हैं, लेकिन ऐसा करना खतरनाक है. इसका असर सीधे मरीज के ह्दय पर पड़ता है और उन्हें हार्ट अटैक हो सकता है.











