आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर से शुक्रवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. आदित्यपुर स्टेशन से गम्हरिया जंक्शन की ओर जाने वाली रेल लाइन पर पोल संख्या 258/22-24 के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा अर्द्धनग्न लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार शुक्रवार 2 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने रेल लाइन पर अर्द्धनग्न अवस्था में एक पुरुष का शव देखा, जिसका सिर धड़ से अलग था. इस भयावह दृश्य को देखकर लोगों में दहशत फैल गयी और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह हादसा है या किसी साजिश के तहत की गयी हत्या. फिलहाल घटना के बाद से रेल लाइन के आसपास के इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है. गौरतलब है कि बीते दो दिनों के भीतर आदित्यपुर से गम्हरिया जंक्शन के बीच दो युवक और एक युवती का शव मिला था, जिससे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है.















