सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 स्थित टफसील इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम के दौरान स्थायी श्रमिक योगेन गोराई (47) की मौत हो गई. घटना के बाद भी कंपनी प्रबंधन या मालिक की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया. जानकारी के अनुसार मृतक मजदूर सीनी का रहने वाला था और आज सुबह ए शिफ्ट ड्यूटी में आया था. काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. साथ काम कर रहे मजदूरों ने उसे ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने शव को एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों ने घटना की जानकारी जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी को दी. प्रेम मार्डी अपनी टीम के साथ एमजीएम अस्पताल पहुंचे और शव लेकर कंपनी गेट पर धरने पर बैठ गए. उन्होंने कहा कि मृतक के आश्रित को 20 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन को लेनी होगी. उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. देर रात तक कंपनी प्रबंधन का कोई भी अधिकारी या मालिक नहीं पहुंचा. प्रशासनिक अनुरोध पर प्रेम मार्डी ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने की अनुमति दी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मृतक के परिवार को न्याय नहीं मिला तो पोस्टमार्टम के बाद शव को फिर से कंपनी गेट पर लाया जाएगा.




