
आदित्यपुर: एनआईटी जमशेदपुर प्रबंधन पर कैग रिपोर्ट का अवमानना कर यहां के शिक्षकों को अधिक वेतन दिए जाने के मामले को लेकर इंटक नेता सह सांसद प्रतिनिधि लालबाबू सरदार समर्थकों संग शुक्रवार को एनआईटी मुख्य गेट के पास स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष अनशन पर बैठे. इस दौरान कांग्रेस और इंटक के नेता भी मौजूद रहे. जानकारी देते हुए इंटक नेता लालबाबू सरदार ने बताया कि साल 2011 से ही गलत तरीके से पे फिक्ससेशन कर हर वर्ष प्रति शिक्षक 40 से 50 हजार ज्यादा वेतन एनआईटी प्रबंधन से ले रहे हैं.
इसकी जानकारी एमएचआरडी को दिए जाने के बाद भी अबतक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है. मंत्रालय द्वारा गठित जामदार कमेटी ने शिक्षकों के वेतन फिक्ससेशन को गलत बताकर शिक्षकों से ज्यादा दिए गए वेतन की रिकवरी का आदेश दे दिया, लेकिन इसके बावजूद कॉलेज प्रबंधन जामदार कमेटी की कैग रिपोर्ट को दबा कर अब भी शिक्षकों को ज्यादा वेतन भुगतान जारी रखे हुए है. वैसे श्री सरदार ने साफ कर दिया है कि आज भले सांकेतिक अनशन किया जा रहा है, प्रबंधन अगर कैग रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई नहीं करती है, तो वे अनिश्चित कालीन अनशन करेंगे.




