आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत राधा स्वामी के समीप खरकई नदी पर बने चेकडैम में मंगलवार को नहाने के क्रम में डूबे छात्र सूरज मिश्रा (15) का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया है, जिसके बाद परिजनों में मातम छा गया है. सूरज सेंट मेरिस इंग्लिश स्कूल बिष्टुपुर के नौवीं कक्षा का छात्र था. उसके पिता बीएमडब्ल्यू कंपनी में काम करते हैं. विदित हो कि मंगलवार की शाम करीब चार बजे के आसपास सूरज अपने दो दोस्तों लंकाटोला निवासी सूर्यभान सिंह एवं ऋषभ राज के साथ राधा स्वामी मार्ग घूमने गया था. (नीचे भी पढ़ें)
वहां खरकाई नदी पर बने चेक डैम पर पहुंचकर तीनों ने नदी में नहाने का निर्णय लिया. नहाने के क्रम में सूर्यभान व ऋषभ नदी के पानी के तेज बहाव में बहने लगा. उन्हें बचाने के लिए सूरज मिश्रा ने नदी में छलांग लगा दी. हालांकि, सूर्यभान व ऋषभ नदी से किसी तरह निकल गए मगर सूरज पानी के तेज बहाव में बह गया. सूचना पाकर वहां पहुंची आरआईटी पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों व आसपास के लोगों की मदद से उसे ढूंढने का प्रयास किया. लेकिन, वह नहीं मिला. अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया. इधर मंगलवार को नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश की देखरेख में रेस्क्यू अभियान चलाया गया और सूरज का शव बरामद कर लिया गया. घटना के बाद बस्ती में मायूसी छा गई है.














