जमशेदपुर : सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन कीओर से इस वर्ष हिंदी दिवस के अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक एवं प्रसिद्ध कवि शेषनाथ सिंह ‘शरद’ को सम्मानित किया जाएगा. इसके तहत उन्हें स्मृति चिह्न के साथ ही पुरस्कार स्वरूप नगद 11,000 रुपये प्रदान किये जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन हर वर्ष हिन्दी दिवस के अवसर पर एक हिन्दी शिक्षक को राष्ट्रभाषा हिन्दी शिक्षण में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित करता है. सिंहभूम जिला हिंदी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन कार्यकारिणी ने इस वर्ष उपर्युक्त सम्मान के लिए वरिष्ठ हिन्दी शिक्षक सह प्रसिद्ध कवि शेषनाथ सिंह ‘शरद’ का चयन किया है. शेषनाथ सिंह ‘शरद’ का जन्म बिहार के शाहाबाद जिलांतर्गत मचकिया गांव में हुआ. स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात उन्होंने अपने गांव में ही एक विद्यालय की स्थापना की एवं उसे हाई स्कूल स्तर तक पंहुचाया. कुछ समय उपरांत विद्यालय स्थानीय ग्रामीणों की निगरानी में छोड़ फकीरी का जीवन अपनाया एवं मंचों से देशभक्ति की ओजपूर्ण एवं वीर रस की कविताओं का वाचन करते रहे. इमरजेंसी के दौरान होनेवाली अनेक सभाओं में मुख्य वक्ताओं से पूर्व इनकी कविताओं से जनता में जोश भरा जाता था. (नीचे भी पढ़ें)
1981 में वे जमशेदपुर आये जहां उनकी नियुक्ति साकची हाई स्कूल में हिन्दी शिक्षक के रूप में हुई. वहां उन्होंने 2011 तक हिन्दी शिक्षक के रूप में कार्यरत रहे. सेवानिवृत्ति के पश्चात वे वर्कर्स कॉलेज में अतिथि शिक्षक के रूप में कोरोना काल तक पढ़ाते रहे. आपका ‘शरद’ उपनाम वरिष्ठ कवि श्याम नारायण पाण्डेय ने दिया. मंचों – कवि सम्मेलनों में उन्हें महादेवी वर्मा, जानकी वल्लभ शास्त्री, गोपाल दास नीरज, बुद्धिनाथ मिश्र जैसे नामचीन कवियों का संग एवं आशीर्वाद मिला. सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की ओर से हिन्दी दिवस के अवसर पर आगामी शनिवार, 13 सितंबर को तुलसी भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा. इसके तहत उन्हें अंगवस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिह्न एवं नगद 11,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा.



