आदित्यपुर : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को आदित्यपुर में क्रॉस इंडिया लिमिटेड और हमारी लाडो फाउंडेशन की ओर से पांच किलोमीटर दौड़ का भव्य आयोजन किया गया. इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की छठी कक्षा की लगभग चार सौ छात्राओं ने हिस्सा लिया. दौड़ के लिए तय एक घंटे की अवधि को छात्राओं ने केवल आधे घंटे में पूरा कर अपनी अदम्य ऊर्जा, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिचय दिया. यह आयोजन बालिकाओं में शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से किया गया था. दौड़ के लिए पिछले दो महीनों से तैयारी चल रही थी, जिससे छात्राओं में उत्साह और आत्मबल चरम पर दिखा. दूसरे सत्र के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में आदित्यपुर नगर निगम की उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा, क्रॉस इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधीर राय, एशिया अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल तथा हमारी लाडो फाउंडेशन के संस्थापक प्रो. विनायक त्रिपाठी शामिल हुए. अपने संबोधन में प्रो. विनायक त्रिपाठी ने कहा कि लाडो फाउंडेशन ग्रामीण परिवेश की छात्राओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए सतत कार्य कर रहा है. संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं भी आईआईटी, आईआईएम और एक्सएलआरआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकें. उन्होंने क्रॉस इंडिया लिमिटेड और जिला प्रशासन को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया तथा अन्य औद्योगिक संस्थानों से भी इस दिशा में योगदान देने का आग्रह किया. क्रॉस इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुधीर राय ने कहा कि उनकी कंपनी केवल ऑटो कंपोनेंट निर्माण में ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों को निभाने में भी अग्रणी है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि समाज और बालिकाओं के विकास से जुड़ी पहल में कंपनी आगे भी सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी. मुख्य अतिथि उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाओं का समग्र विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक सशक्तिकरण ही वास्तविक प्रगति का आधार है. उन्होंने बताया कि जिले में कस्तूरबा गांधी और झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों की छात्राओं के लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी हेतु विशेष कोचिंग की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि बच्चियां समाज की रीढ़ हैं और उन्हें हर अवसर का लाभ उठाकर अपने साथ-साथ समाज का भी उत्थान करना चाहिए. उपायुक्त ने लाडो फाउंडेशन और क्रॉस इंडिया लिमिटेड की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और संकल्प की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने छात्राओं को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का दिल जीत लिया. दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए. तालियों की गूंज और मुस्कुराते चेहरों के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ.



