
सरायकेला : सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा सरायकेला के आदित्यपुर पहुंची. जहां सीधे वो पहले सालडीह बस्ती पहुंची. जहां पिछले दिनों एक नाबालिग युवती का शव मिलने के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया. श्रीमती कोड़ा ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिलाए जाने के साथ कानून की ओर से भी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया.
वहीं उन्होंने इस मामले को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री को भी अवगत कराने की बात कहीं. सांसद गीता कोड़ा ने बताया कि घटना की सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस मामले में क्यों समय रहते कार्रवाई नहीं की ये जांच का विषय है. वहीं इसके बाद पुलिस का पक्ष जानने श्रीमती कोड़ा आदित्यपुर थाना भी पहुंची. आपको याद दिला दें कि बीते 17 जून को आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती की एक नाबालिग युवती रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गई थी, जिसका शव अर्धनग्न अवस्था में खरकई नदी से बरामद हुआ था.
वहीं घटना के बाद से ही परिजन युवती के साथ अनहोनी की आशंका को लेकर स्थानीय थाना से युवती को ढूंढने की मांग कर रहे थे. हालांकि घटना के दिन ही युवती के कपड़े एक सरकारी स्कूल के खंडहरनुमा भवन में मिली थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया था, बावजूद पुलिस युवती को ढूंढ पाने में नाकाम रही थी. वही युवती का शव मिलने के बाद पुलिस ने बगैर परिजनों को शव दिखाए सीधे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. इसको लेकर बस्ती वासियों ने टाटा-कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर जोरदार प्रदर्शन भी किया था.
इस दौरान बस्ती वासियों ने सड़क पर आगजनी और गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की थी और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी खड़े किए थे. वही बस्तीवासियों ने सांसद गीता कोड़ा को बस्ती में नशे के कारोबार होने की शिकायत भी की है. जिस पर सांसद गीता कोड़ा ने कड़ी आपत्ति जताई है. हालांकि अब तक युवती की मौत कैसे हुई है. इसका खुलासा पुलिस की ओर से नहीं किया गया है. इसको लेकर भी स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.



