
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है. जहां वार्ड 35 के साईं कॉलोनी में 14 लाख 31 हजार की लागत से बना पीसीसी सड़क बीचोंबीच टूट गया है. हैरान करनेवाली बात ये है कि इस सड़क को बने अभी तीन महीने भी नहीं हुए हैं. वहीं टूटा सड़क योजना में भ्रष्टाचार की कहानी साफ बयां कर रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय पार्षद से लेकर निगम के मेयर और नगर आयुक्त को अवगत कराया गया है, बावजूद इसके उक्त ओर किसी का ध्यान नहीं गया है. आपको बता दें कि इसी वार्ड में छह माह पूर्व बना सड़क वास्तु विहार- मोती नगर चौक के समीप टूट गया था, जिसे आनन- फानन में रातों- रात संवेदक द्वारा रिपेयरिंग करा दिया गया. वैसे यह सड़क ढाई करोड़ से भी ज्यादा के लागत से बनी है. हैरान करने वाली बात ये है कि आदित्यपुर नगर निगम में जारी भ्रष्टाचार पर हर कोई चुप है. सूत्र बताते हैं कि निगम में ठेकेदार या तो निगम क्षेत्र के माननीयों के रिश्तेदार हैं, या उनके परिचित.














