आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़े अवैध ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शिवनारायणपुर में छापामारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से 33 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो वाई-फाई राउटर, एक लैपटॉप समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर में अवैध रूप से ऑनलाइन बेटिंग और जुआ का संचालन किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी सुमित कुमार, खगड़िया निवासी गुलशन कुमार तथा भोजपुर (आरा) निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है. तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी के दौरान पुलिस ने 33 विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो ड्यूल-बैंड वाई-फाई राउटर, डेल कंपनी का एक लैपटॉप, मोबाइल चार्जर, एडॉप्टर तथा ऑनलाइन लेन-देन और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं. एसडीपीओ ने बताया कि जब्त डिजिटल उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है. साथ ही इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर पूरे ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा. इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.







