सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में त्योहारों के मद्देनज़र अपराध और अवैध हथियारों पर लगाम कसने के लिए सरायकेला- खरसावां पुलिस ने गुरुवार देर रात आदित्यपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच अपराधियों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, एक राइफल (0.315 बोर) और एक गोली बरामद की है. सभी को आज न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि राममडैया बस्ती के पास दो युवक किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करण कुमार सिंह और टुनू लोहार को देशी कट्टा के साथ रंगे हाथ पकड़ा. (नीचे भी पढ़ें)

पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य तीन साथियों करण राय, अंगद कुमार और गोपाल दास उर्फ चौड़ा के पास भी हथियार होने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर तीनों को भी राइफल और गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार गिरफ़्तार अपराधियों पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, हत्या का प्रयास, विस्फोटक पदार्थ और अवैध हथियार रखने के मामले शामिल हैं. पुलिस पूरे गिरोह से पूछताछ कर अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. छापेमारी दल में एसडीपीओ समीर कुमार सवैया, थाना प्रभारी विनोद तिर्की सहित आदित्यपुर थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे.



