
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड के समीप मोती नगर की एक महिला पिछले दिनों अपने पति की प्रताड़ना से बुरी तरह से घायल हो गई थी. जिसके बाद महिला ने इसकी लिखित सूचना बीते 4 अप्रैल को आदित्यपुर थाना में दी थी. जहां से महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया था महिला ने मेडिकल रिपोर्ट के साथ पति मुन्ना कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. वहीं महिला पुनः आदित्यपुर थाना में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंची.

महिला का आरोप है कि उसका पति बार-बार उसे केस उठाने की धमकी दे रहा है साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने और कभी खुद आत्महत्या करने की धमकी भी दे रहा है. महिला ने बताया कि वह जब थाना एफआईआर नंबर लेने पहुंची तो थाना द्वारा यह कहकर नहीं दिया गया कि आपका मामला कोर्ट भेज दिया गया है, आप वहीं से समझ ले. इधर महिला अपने पति की प्रताड़ना से लगातार परेशान है. महिला ने बताया कि वह पिछले फरवरी महीने से पति से अलग रह रही है. इस दौरान पति राह चलते उसे परेशान कर रहा है. वहीं महिला इंसाफ के लिए बार-बार थाने का चक्कर काट रही है, ताकि उसे एफआईआर नंबर मिल सके. जिसके आधार पर वह कोर्ट में सूचना दे सके.





