
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना पुलिस ने गुरुवार को आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती एच रोड से एक ड्रग पैडलर को गिरफ्तार कर लिया. ब्राउन शुगर तस्कर सलमा खातून को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्कर सलमा खातून के पास से 52 पुड़िया ब्राउन शुगर और 16 सौ रुपए नगद भी बरामद किया है. इसके अलावा गुप्त सूचना के आधार पर दो अन्य महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. बताया जाता है कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के समीप एक होटल के पास दोनों महिलाएं अवैध देशी शराब बेचते गिरफ्त में आई थी. इनके पास से टंच नाम का अवैध देसी शराब बरामद किया गया है. इनमें से 600 एमएल टंच ब्रांड की 23 बोतलें हैं, जबकि रसीली ब्रांड की 300 एमएल के 35 बोतलें, और रसीली ब्रांड के ही 600 एमएल की चार बोतलें बरामद किया गया है. जानकारी देते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि अवैध नशा के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी है. किसी भी कीमत पर नशे के कारोबारियों को पनपने नहीं दिया जाएगा. वैसे बीते एक साल के दौरान दर्जनों ब्राउन शुगर कारोबारी सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं, बावजूद इसके इलाके में धड़ल्ले से ब्राउन शुगर का कारोबार जारी है. इस संबंध में जिले के एसपी ने बताया कि बड़े तस्कर सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं. छोटे- छोटे कारोबारी सक्रिय हैं, जिन्हें जेल भेजा जा रहा है. जल्द ही इलाके से ब्राउन शुगर का कारोबार समाप्त होगा.






