आदित्यपुर : अवैध खनन एवं पशु तस्करी पर लगाम कसने की तैयारी के बीच सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर पुलिस ने अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरु कर दिया है. इसी क्रम में सोमवार को पुलिस के हाथों उस वक्त बड़ी सफलता मिली जब सूचना के आधार पर आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार के नेतृत्व में बालू से लदे हाइवा गाड़ी संख्या जेएच01बीएम-0360 को पकड़ा. वहीं दूसरी ओर डीएवी मोड़ के पास 80 बोतल अवैध देशी शराब और 7 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के जब्त किया गया. मिली जानकारी के अनुसार दोनों ही मामलों पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया. बालू लदे हाईवा पकड़ने के बाद इस मामले मे गम्हरिया अंचलाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी के द्वारा थाने में केस करने की कवायद की जा रही है. वहीं दूसरे मामलें में डीएवी मोड़ के पास शराब के अवैध कारोबार होने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर जाकर दो लोगों को साइकिल में बोरे में भरकर कुछ ले जाते हुए देखा तो पुलिस उन दोनों की ओर जाने लगी तब साइकिल सवार पुलिस को अपनी ओर आता देख साइकिल छोड़कर फरार हो गए. बोरे में अवैध शराब भरा हुआ मिला जिसके बाद साइकिल और बोरे को जब्त कर लिया गया. इस मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है ताकि कारोबार में शामिल लोगों कि पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.







