आदित्यपुर: सरायकेला जिले के आदित्यपुर निवासी टाटा मोटर्स कर्मी अमरेंद्र सिंह की छोटी पुत्री अंकिता सिंह ने कंपनी सेक्रेटरी फाइनल परीक्षा 2024 (दिसंबर सत्र) में सफलता हासिल की है. अंकिता सिंह की सफलता से परिवार में ख़ुशी की लहर है. अंकिता की मां संध्या सिंह गृहणी एवं एक बड़ा भाई है. बता दें कि संस्थान की मेरिट सूची में सिर्फ उन्हीं छात्रों को शामिल किया गया है, जिन्होंने एक ही प्रयास में सभी पेपर उत्तीर्ण किए हैं. अंकिता ने अपनी सफलता का राज साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सेंट्रल पब्लिक स्कूल से 2020 में 92 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद उन्होंने फाउंडेशन परीक्षा पास की. उन्होंने 3 महीने की इंटर्नशिप के साथ- साथ फाइनल परीक्षा की तैयारी की. (नीचे भी पढ़ें)
कंपनी सेक्रेटरी की परीक्षा में कुल 9 विषय होते हैं. अंकिता ने कॉरपोरेट फंडिंग और टैक्स लॉ पर विशेष ध्यान दिया. उनका मानना है कि इंटर्नशिप के दौरान परीक्षा की तैयारी के लिए समय की कमी रहती है. अच्छा रैंक पाने के लिए निरंतर अभ्यास और सही योजना आवश्यक है. सफलता का श्रेय अंकिता ने अपने परिजनों भाई अंकुर सिंह और टीचर्स से मिले सहयोग को दिया. इससे पहले भी अंकिता ने फाइनल परीक्षा दी थी, लेकिन वो सफल नहीं हो पाई. दूसरे प्रयास में उसने सफलता का परचम लहराया. अंकिता के इस सफलता पर वार्ड 22 के पूर्व पार्षद सुधीर सिंह ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी. इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है.












