
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर और आरआईटी थाना को जल्द ही नया भवन और आवास की सुविधा मिलने जा रही है. इसे नए साल के सौगात के रूप में भी देखा जा सकता है. शनिवार को झारखंड पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन लिमिटेड की ओर से सर्वे किया गया. बताया जाता है कि जिले के एसपी द्वारा आरआईटी एवं आदित्यपुर थाना के लिए नए भवन बनाए जाने की अनुशंसा की गई थी, जिस पर विभाग की ओर से सहमति प्रदान करते हुए सर्वे का काम शुरू करा दिया गया है. वैसे आरआईटी थाना भवन पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो चुका है. सर्वे करने पहुंची टीम के सदस्यों ने बताया कि आरआईटी में थाना भवन के अलावा जवानों के रहने के लिए आवास भी बनने हैं, जबकि आदित्यपुर में मॉडल थाना भवन बनाने की तैयारी की जा रही है. सर्वे करने पहुंचे झारखंड पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन लिमिटेड के जेई बासुकीनाथ झा ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट आईजी प्रोविजन को भेजा जाएगा. जहां से हरी झंडी मिलते ही डीपीआर बनकर तैयार होगा और निर्माण कार्य शुरू होगा. वैसे झारखंड पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन लिमिटेड के एमडी आर के मल्लिक हैं. बताया जाता है कि उन्हीं के निर्देश पर दोनों थानों का सर्वे कराया गया है.




