
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. जहां एकबार फिर से माझीटोला अंतर्गत त्रिपुरारी कॉलोनी निवासी अमन प्रसाद के घर में चोरों ने गुरुवार तड़के चोरी की घटना को अंजाम दिया है. इस संबंध में अमन प्रसाद ने आदित्यपुर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. जिसके आधार पर उन्होंने बताया, कि गुरुवार सुबह उनकी मां ट्यूशन पढ़ाने गई थी. वे और उनकी बहन अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे. इसी बीच अज्ञात चोरों द्वारा मौके का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश कर एक बैग में रखे पर्स और उसमें रखे सोने का चेन, दस हजार नगदी के अलावा कपड़े भी चुरा ले गए. यहां तक, कि घरों में रखे जूते चप्पल को भी चोरों ने नहीं छोड़ा. आपको बता दें, कि 2 दिन पूर्व सालडीह बस्ती में भी ऐसी ही घटना हुई थी. जिसमें स्थानीय लोगों की सक्रियता से चोर को लोगों दबोचकर पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया था, जबकि एक अन्य चोर मौके से भागने में सफल रहा था. उक्त मामले का अब तक खुलासा नहीं किया जा सका है. इधर एक और चोरी की घटना से स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. वैसे सूत्रों की अगर मानें, तो आदित्यपुर थाना पुलिस द्वारा तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है.




