
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आनंदपुर गांव में बीती रात विद्युत तार की चपेट में आकर 27 वर्षीय युवक भीम सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक अविवाहित था. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बीती रात युवक घर से बाहर टहल रहा था. उसी दौरान 220 वोल्ट का सप्लाई अर्थिंग तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट मे आकर युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. परिजनों को इसकी जानकारी सुबह हुई. घटना के बाद परिजन शव के साथ मुवावजे की मांग को लेकर आदित्यपुर थाना पहुंचे, जहां कागजी प्रक्रिया के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजने की तैयारी चल रही है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लागभग डेढ़ सौ घर हैं, मगर बिजली के पोल और तार जर्जर अवस्था में हैं. हर वक्त दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. फिलहाल घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है.




