
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में सरकार की स्वच्छ भारत अभियान की हवा निकल गई है। प्रखंड की जुगितुपा पंचायत के मुड़ाठाकुरा सबर टोला में स्वच्छ भारत अभियान के तहत निर्मित शौचालय का प्रयोग टोला के सबर परिवार नहीं करते है। सबर शौचालय निर्माण के पश्चात भी आज भी खुले में ही शौच करते हैं। कुछ सबरों से बात करने पर बताया कि योजना के तहत निर्मित शौचालय की टंकी का निर्माण कम गड्डा में किया गया है जो जल्द ही भर जाएगा। इस कारण वे शौचालय में न जाकर खुले में ही शौच करने जाते हैं। विदित हो कि सरकार द्वारा अभियान के तहत लाखों रुपए खर्च कर शौचालय का निर्माण कराया गया है, परंतु जागरूकता की कमी के कारण टोला के सबर परिवार शौचालय का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। वही टोला में निर्मित अधिकांश शौचालय के दरवाजा और छप्पर गायब हो चुका है और सबर शौचालय में शौच न कर शौचालय में अपनी जरूरत की समान रख रहे हैं। यहां तक कि शौचालय में ईंट के टुकड़ा भरा हुआ है। सबरों में जागरूकता की कमी के कारण सबर टोला में सरकार के स्वच्छ भारत अभियान की हवा निकल गई है।





