
चाईबासा : राज्य में पत्रकारों को बीमा, राहत पैकेज और पत्रकार सुरक्षा कानून की सुविधा दिलाने की विशेष पहल झारखण्ड विधानसभा प्राक्कलन समिति के सभापति सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने की है। इस मामले को लेकर श्री बिरुवा स्वयं मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। श्री बिरुवा ने इस आशय को लेकर ऑल इंडिया स्माॅल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (एआईएसएम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन)
के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकारो की मांग को
मुख्यमंत्री के समक्ष मिलकर रखेंगे।
पत्रकारों को सम्मान मिलना चाहिए : दीपक
विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि कोरोना की इस लड़ाई में पत्रकार अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए पत्रकारों को किसी न किसी रूप में सम्मान मिलना ही चाहिए। इससे पहले भी जब माननीय हेमंत सोरेन सरकार थी, तब भी माननीय मुख्यमंत्री जी ने पत्रकारों को के लिए बीमा योजना शुरू की थी। लेकिन सरकार बदलने के बाद इस योजना का लाभ पत्रकारों को नहीं मिला। श्री बिरुवा ने कहा कि कोशिश रहेगी कि माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के तत्कालीन कार्यकाल से ही पत्रकारों का बीमा लागू किया जाए। ताकि पत्रकारों को हौसला अफजाई हो सके।
आल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक दीपक बिरुवा को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू हो, इस आपदाकाल में कोरोनायोद्धा के रूप में तमाम पत्रकार भी अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं, उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए बीमा और राहत पैकेज की बहुत जरूरत है। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक दीपक बिरुवा से आग्रह किया कि पत्रकारो की मांग को पूरा करवाने में सहयोग करें। प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के कोल्हान अध्यक्ष शंकर गुप्ता, महासचिव रासबिहारी मंडल, प्रभारी अमित मिश्रा, बिहार-झारखंड प्रभारी प्रीतम सिंह भाटिया, कानूनी सलाहकार राजाराम गुप्ता समेत जमशेदपुर, आदित्यपुर, सरायकेला खरसावां, जादूगोड़ा आदि जगहों से पत्रकार प्रतिनिधि शामिल थे।







