जमशेदपुर : जमशेदपुर के खासमहल स्थित श्रीमहल सभागार में आगामी 24 और 25 जून को अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण शाह की अध्यक्षता में होगी. पहली बार जमशेदपुर में संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है. बैठक में संगठन के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे और आगामी स्वर्ण जयंती समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे. समापन सत्र में उद्यमी सम्मान और राष्ट्रहित में ग्राहक जागरण विषय पर कार्यक्रम होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत झारखंड प्रांत के संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति ने कहा कि यह समस्त झारखंड के लोगों, ग्राहकों और सभी कार्यकर्ताओं के लिए हर्ष का विषय है कि केंद्रीय नेतृत्व के सभी प्रमुख लोग झारखंड आ रहे हैं. आर्थिक समानता के लिए जरूरी है कि ग्राहक और दुकानदार के बीच सही समन्वय, स्वस्थ संबंध और मैत्री भाव की स्थापना की जा सके. अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत इसी उद्देश्य से पिछले कई वर्षों से निरंतर कार्य कर रहा है.




