जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो और उलीडीह क्षेत्र में 11 और 12 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि 12 दुकानों का ताला तोड़कर चोरी करने की घटना का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया हैं. मामले में हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में उलीडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले शंकर हेम्ब्रम (25), मुकदर सामद (34), गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू (19) और विक्की मुखी (24) शामिल हैं. इनके पास से लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल) और सिलाई मशीन बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से भी चोरी के दो मामले दर्ज हैं. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में मानगो और उलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है. गौरतलब है कि यह घटना जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर तथा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजली स्टोर समेत कुल 12 दुकानों में हुई थी. दुकानदारों के लिखित आवेदन दर्ज कराया था. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने लगातार छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. चारों ने अपना अपराध स्वीकार किया. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.







