जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित कैनरा बैंक शाखा में कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) के जरिए नकदी जमा करने के बावजूद राशि खाते में नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कई दिनों तक समस्या का समाधान नहीं हुआ और उन्हें बार-बार बैंक के चक्कर लगाने पड़े. परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे रजनी भूमि के बेटे ने सीडीएम के माध्यम से अपने खाते में नकदी जमा की थी. हालांकि, कुछ देर बाद खाते की जांच करने पर जमा की गई राशि दिखाई नहीं दी. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद बैंक में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन परिवार का आरोप है कि कई दिनों तक केवल आश्वासन मिलता रहा और राशि खाते में जमा नहीं की गई. गुरुवार को पीड़ित पक्ष कई लोगों के साथ बैंक पहुंचा और जल्द समाधान की मांग की. इसके बाद बैंक प्रबंधन ने संबंधित तकनीकी टीम को बुलाकर सीडीएम की जांच शुरू कराई. (नीचे भी पढ़ें)
बैंक अधिकारियों ने बताया कि यदि जांच में राशि मशीन में फंसी हुई पाई जाती है, तो नियमानुसार उसे ग्राहक के खाते में वापस कर दिया जाएगा. पीड़ित परिवार ने सवाल उठाया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद मशीन की जांच क्यों नहीं कराई गई. उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई होती तो उन्हें कई दिनों तक परेशान नहीं होना पड़ता. समाचार लिखे जाने तक ग्राहक के खाते में राशि वापस आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी. फिलहाल बैंक की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है.







