दिल्ली : ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने कैसे कमाल किया, एयर मार्शल एके भारती ने सोमवार को इसकी विस्तार से जानकारी दी. यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी लड़ाई आतंकवाद और आतंकियों के खिलाफ थी, इसलिए 7 मई को हमने केवल आतंकी ठिकानों पर ही हमला किया था. मगर, अफसोस इस बात का है कि पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों का साथ देना उचित समझा. उन्होंने इसे अपनी लड़ाई बना ली तब हमने जवाबी कार्रवाई की. इसमें उसका जो भी नुकसान हुआ, इसके लिए वह खुद जिम्मेदार है. हमारी एयर डिफेंस सिस्टिम दीवार की तरह खड़ी रही. इसको भेदना दुश्मन के लिए असंभव था. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि स्वदेशी आकाश सिस्टम का इस्तेमाल हुआ. पाकिस्तान की चीन निर्मित पीएल-15 मिसाइल भी गिराई. पिछले कुछ सालों में आतंक की गतिविधियों के तरीके में बदलाव आ रहा था. मिलिट्री के साथ-साथ मासूमों पर भी हमले हो रहे थे. पहलगाम हमले तक आते-आते पाप का ये घड़ा भर गया था. वहीं, वाइस एडमिरल एएन प्रमोद ने बताया कि भारतीय नौसेना ने पाकिस्तान के किसी भी खतरे से निपटने के लिए कई लेयर की तैयारी कर रखी थी. हमने लड़ाकू और टोही विमानों को काम पर लगा दिया था. हमने अत्याधुनिक रेडार का इस्तेमाल करते हुए हमारे पायलटों को दिन और रात दोनों ही वक्त तैयार रखा. हमने सैकड़ों किलोमीटर कि निगरानी की. कोई भी संदिग्ध और दुश्मन के हवाई जहाज को कई सौ किलोमीटर तक पास आने का मौका नहीं दिया. (नीचे भी पढ़ें)

वाइस एडमिरल एएन प्रमोद ने बताया कि कैसे भारतीय नौसेना ने हवाई क्षेत्र सहित हर जगह कड़ी निगरानी रखी. नौसेना हवा, सतह और पानी के नीचे से आने वाले खतरों से निपटने में सक्षम है. उन्होंने ये भी कहा कि नौसेना ने रडार और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल करके लगातार निगरानी रखी, जिससे खतरों को समय रहते बेअसर किया जा सका. एयर मार्शल एके भारती ने कहा कि हमारे सभी सैन्य अड्डे और उपकरण पूरी तरह से तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर तुरत कार्रवाई कर सकते हैं. हमारी नौसेना की इस तैयारी ने पाकिस्तान को सीमा के दूर ही रहने पर मजबूर कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि नौसेना एक मजबूत रक्षा प्रणाली के तहत काम करती है. इस प्रणाली में, किसी भी हवाई लक्ष्य को, जो हमारी सीमा में घुसने की कोशिश करता है, उसे तुरत पहचान लिया जाता है. फिर यह पता लगाया जाता है कि वह लक्ष्य व्यापारिक है, तटस्थ है या खतरनाक है. भारतीय पायलटों की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वे दिन-रात विमान उड़ाने में सक्षम हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दुश्मन के किसी भी विमान को हमारी जमीन के करीब भी नहीं आने दिया गया. उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना ने अपनी एंटी मिसाइल और एंटी एयरक्राफ्ट तकनीक को भी साबित किया है. हमारी नौसेना किसी भी खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है.














