जमशेदपुर : आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में भारतीय तीरंदाजों ने इतिहास रच दिया है. भारत ने कंपाउंड आर्चरी की तीनों स्पर्धाओं (महिला, पुरुष व मिक्स टीम) में स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम क्लीन स्वीप किया. इसके साथ ही भारत लॉस एंजिल्स 2028 ओलिंपिक के लिए कंपाउंड आर्चरी में कोटा हासिल करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है. आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने बुधवार को रांची स्थित आवास पर प्रेसवार्ता में बताया कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है. महिला टीम (चिकिथा तनिपार्थी, ज्योति सुरेखा वेन्नम, प्रितिका प्रदीप) ने 238 अंक बनाकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और चीन को हराकर सोना जीता. मिक्स टीम (साहिल जाधव व चिकिथा तनिपार्थी) ने शूट-ऑफ में जीत दर्ज कर पहला ओलंपिक कोटा पक्का किया, वहीं पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा, रिकर्व में धीरज बोम्मदेवरा ने क्वालीफिकेशन में 698 अंक बनाकर नया एशियन गेम्स रिकॉर्ड स्थापित किया.उन्होंने कहा कि भारतीय आर्चरी का यह स्वर्णिम युग है. अभी झारखंड की बेटी और टाटा आर्चरी एकेडमी की कैडेट अंकिता भकत रिकर्व टीम इवेंट में सेमीफाइनल में है. उनसे भी पदक की उम्मीद है. आगे 1 अक्टूबर को चिकिथा तनिपार्थी व गणेश मणि रत्नम का कंपाउंड इंडिविजुअल क्वार्टर फाइनल होगा जबकि 2 अक्टूबर को रिकर्व टीम मैच महिला बनाम चीन, पुरुष बनाम ईरान, मिक्स बनाम जापान का मैच होगा. वहीं, 3 अक्टूबर को धीरज, नीरज व कुमकुम रिकर्व इंडिविजुअल क्वार्टर फाइनल होगा.




