जमशेदपुर : पांच राज्यों में से चार राज्यों में भाजपा का जबरदस्त प्रदर्शन पर भाजपा नेताओं और भाजपा खेमे में खुशियों की लहर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी इसकी खुशियां जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास में मनाया. आदिवासी परंपरा के मुताबिक, श्री मुंडा ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ ढोल, मांदर बजाकर खुशियां मनायी और जमकर नाचकर अपनी खुशियों का इजहार किया. इस मौके पर उनके साथ भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता थे. जबरदस्त विजय जश्न यहां मनाया गया. (नीचे देखे केंद्रीय मंत्री का बयान)
इस दौरान श्री मुंडा ने मीडिया से बातचीत की और बताया कि चार राज्यों के परिणाम और खासकर उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत यह बताता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोग चाहते है कि वे देश का नेतृत्व करें. सबका साथ सबका विकास, सबका विकास और सबका प्रयास के प्रयास के संकल्प के साथ जिस तरह से देश आगे बढ़ रहा है, लोग समझ गये है कि सुरक्षित हाथों में भारत है और भारत में भाजपा ही एक मात्र पार्टी है, जिसको नरेंद्र मोदी के हाथों में देश को सौंपा जाना चाहिए. उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विजय के साथ गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड में भाजपा की जीत यह साबित कर रहा है कि भारत का भविष्य उज्जवल है और 21वीं सदी के लिए यह भी ऐतिहासिक जीत साबित होगा. (नीचे देखे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान-video)
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी यह प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यहां चुनाव के परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में चुनाव में हार और जीत लगा रहता है. इसको लेकर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है. लोकतंत्र में चुनाव के परिणाम आते रहेंगे और कोई ना कोई जीत दर्ज करेगी. उन्होंने कहा कि वे चुनाव परिणाम को देखेंगे और समीक्षा करेंगे. (नीचे देखे पूरी खबर)

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत ही सर्वोपरि होता है. हम इस चुनाव परिणाम को पूरी विनम्रता एवं जिम्मेदारी से स्वीकार करते हैं. इस विषय में कोई दो राय नहीं कि चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है. खासकर पंजाब, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव परिणाम हमारे लिये चुनौतिपूर्ण भी है और आशा के विपरित भी. श्री ठाकुर ने कहा कि हम चुनाव हारे हैं पर हिम्मत नहीं और न मनोबल खोया है और न ही आगे बढ़ते रहने का संकल्प. इन राज्यों में हमारे कार्यकर्ता और नेताओं ने मिलकर धरातल पर कड़ी मेहनत की पर जनता का मत फिर भी हमारे पक्ष में नहीं रहा. पूरे देश और खासकर जिन राज्यों में चुनाव हुए वहां की जनता के साथ हमारा रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं बल्कि आत्मीयता का है. हम इस रिश्ते में अधिक विश्वास और अपनापन पैदा करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे और एक जिम्मेवार विपक्ष के रूप में जनता की समस्याओं को सदन में और सदन के बाहर पूरी ताकत से उठायेंगे.





